राजिम को सांस्कृतिक सौगात: तीन भवनों के लिए लाखों की मंजूरी
राजिम में तीन सांस्कृतिक भवनों को हरी झंडी

बिलासपुर…राजिम नगर पंचायत में सांस्कृतिक गतिविधियों को स्थायी पहचान देने की दिशा में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नगर क्षेत्र में तीन सांस्कृतिक भवनों के निर्माण के लिए कुल 75 लाख 45 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने इस संबंध में स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं।
यह स्वीकृति चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रावधानित अधोसंरचना मद से दी गई है। विभागीय स्तर पर यह माना जा रहा है कि इन भवनों के निर्माण से नगर पंचायत क्षेत्र में सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए व्यवस्थित और स्थायी स्थान उपलब्ध हो सकेगा, जिससे स्थानीय गतिविधियों को नया आधार मिलेगा।
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत मेला मैदान के समीप कंडरा पारा, वार्ड क्रमांक 15 साहू पारा तथा स्टेडियम के पास सेन समाज पारा कंडरा पारा क्षेत्र में सांस्कृतिक भवनों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक भवन के लिए 25 लाख 15 हजार रुपए की राशि निर्धारित की गई है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के साथ-साथ गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए हैं। नगरीय प्रशासन विभाग ने नगर पंचायत को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्वीकृत राशि का उपयोग उद्देश्यपूर्ण और पारदर्शी तरीके से हो सके।





