LIVE UPDATE
Chhattisgarh

आत्मानंद स्कूल में उत्सव के बीच छात्र ने सीनियर पर किया चाकू से जानलेवा हमला, सहमे बच्चे और शिक्षक

भाटापारा/बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक घटना सामने आई है। भाटापारा स्थित ‘पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल’ में वसंत पंचमी के पावन अवसर पर आयोजित उत्सव उस वक्त मातम और दहशत में बदल गया, जब एक छात्र ने अपने ही सीनियर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस खूनी संघर्ष में 10वीं कक्षा का छात्र आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूरी घटना स्कूल परिसर में सरस्वती पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई। कैंपस में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों की भारी भीड़ जमा थी, तभी अचानक 9वीं कक्षा के एक छात्र ने जेब से चाकू निकाला और 10वीं में पढ़ने वाले आशुतोष पर हमला बोल दिया।

अचानक हुए इस हमले से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। खून से लथपथ आशुतोष को गिरता देख स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और परिजनों की मदद से उसे भाटापारा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

इस वारदात ने स्कूल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर एक नाबालिग छात्र स्कूल कैंपस के भीतर घातक हथियार लेकर कैसे दाखिल हो गया और कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी?

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह विवाद आपसी रंजिश का लग रहा है, हालांकि पुलिस आरोपी छात्र से पूछताछ कर रही है ताकि हमले की वास्तविक वजह का पता चल सके।

Back to top button
close