LIVE UPDATE
Bilaspur

10 किलो चांदी–60 ग्राम सोना ले उड़े बदमाश: खमरिया ज्वेलर्स लूट के बाद बिलासपुर में खौफ

राजकिशोर नगर क्षेत्र में व्यापारी को निशाना बनाकर अब दूसरी बड़ी वारदात हु

सीपत/बिलासपुर…खमरिया स्थित ज्वेलर्स दुकान में धावा बोलकर बदमाश करीब 8 से 10 किलो चांदी और लगभग 60 ग्राम सोना समेट ले गए। प्रारंभिक आकलन में माल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अकलतरा–बलौदा मार्ग की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची, इलाके में नाकेबंदी की और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।

तीन दिन पहले ही बिलासपुर के राजकिशोर नगर क्षेत्र में व्यापारी को निशाना बनाकर बड़ी वारदात हुई थी। उस घटना की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब खमरिया में ज्वेलर्स दुकान लूट ली गई। लगातार दूसरी बड़ी घटना ने जिले की कानून व्यवस्था पर सीधा सवाल खड़ा कर दिया है। क्या अपराधियों को पुलिस का डर नहीं रहा, या फिर किसी सुनियोजित नेटवर्क के तहत व्यापारियों को टारगेट किया जा रहा है?

स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश साफ दिख रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। लगातार हो रही घटनाओं से कारोबार पर असर पड़ रहा है और सुरक्षा को लेकर भरोसा डगमगा रहा है।

पुलिस ने दावा किया है कि संदिग्धों की पहचान के लिए फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के जिलों को अलर्ट कर दिया गया है। गिरफ्तारी का भरोसा फिर दोहराया गया है। लेकिन जमीन पर उठता सवाल यही है कि क्या यह मामला भी “जल्द कार्रवाई” के आश्वासन तक सीमित रहेगा या इस बार परिणाम दिखेगा।

राजकिशोर नगर की घटना और अब खमरिया ज्वेलर्स लूट—दोनों वारदातें इशारा करती हैं कि बिलासपुर में व्यापारियों की सुरक्षा बड़ी चुनौती बन चुकी है। अब निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close