LIVE UPDATE
Bilaspur

खनिज माफिया पर प्रशासन का सीधा प्रहार—एक साथ दबिश, 8 वाहन जब्त

बिलासपुर में खनिज माफिया पर ‘क्लीन स्वीप’—छापों की बारिश, 8 वाहन जब्त

बिलासपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन ने सीधा प्रहार किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर 2 हाइवा और 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कुल 8 वाहनों को जब्त किया। कार्रवाई की रफ्तार और दायरा दोनों ने साफ संकेत दिया है कि अब अवैध खनन के खिलाफ अभियान सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहने वाला।

10 और 12 अप्रैल को चलाए गए इस अभियान में टीम ने चकरभाठा, रहंगी-बिल्हा, दगोरी, उमरिया, उड़गन, उड़नताल, खपरी, कोहरौदा, बर्तोरी, सेलर, पिपरा और खैरा जैसे इलाकों को एक साथ कवर किया। अलग-अलग जगहों पर हो रही गतिविधियों पर नजर रखते हुए टीम ने मौके पर ही कार्रवाई की और बिना वैध अनुमति खनिज परिवहन करते वाहनों को रोक दिया।

उड़नताल क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं, जबकि उमरिया में ईंट-मिट्टी ले जाते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। खैरा क्षेत्र से मुरुम ले जा रहे एक हाइवा को रोका गया और अशोक नगर क्षेत्र में गिट्टी से भरा एक और हाइवा भी कब्जे में लिया गया। पिपरा क्षेत्र में भी रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली कार्रवाई की जद में आए।

इस पूरी कार्रवाई में जब्त किए गए सभी वाहनों को बिल्हा थाना और कोनी थाना की अभिरक्षा में रखा गया है, जहां आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।

खनिज विभाग का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साफ संदेश है—अब बिना अनुमति खनिज कारोबार करने वालों के लिए बिलासपुर में कोई ढील नहीं मिलने वाली।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close