माहौल बिगड़ने से पहले एक्शन—जन चौपाल के बाद पुलिस का बड़ा कदम
जन चौपाल से सीधे जेल—शिकायत मिलते ही पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन

बिलासपुर। थाना चकरभाठा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सक्रिय रुख अपनाया है। संभावित विवाद और मारपीट की आशंका को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 5 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चलित थाना जन चौपाल के दौरान मिली शिकायतों के आधार पर की गई, जिससे साफ संकेत है कि अब पुलिस केवल घटनाओं के बाद नहीं, बल्कि पहले ही हालात को नियंत्रित करने में जुटी है।
थाना चकरभाठा थाना की टीम ने 12 अप्रैल 2026 को यह कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखी जा सके।
पुलिस के अनुसार, बोड़सरा क्षेत्र से लगातार विवाद और तनाव की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं इनपुट के आधार पर जन चौपाल के जरिए स्थानीय लोगों से संवाद किया गया और हालात का आकलन किया गया। इसके बाद जिन व्यक्तियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दरबारी लाल नारंग, सुनील नारंग, करण नारंग, गौतम कोसले और कैलाश जोशी शामिल हैं, जो सभी बोड़सरा क्षेत्र के निवासी हैं।
यह कार्रवाई साफ तौर पर दर्शाती है कि पुलिस अब केवल कानून तोड़ने वालों पर ही नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका रखने वालों पर भी नजर रख रही है।





