LIVE UPDATE
Big news

मारपीट कर फरार हुए आरोपी CCTV में फंसे, पुलिस ने रातोंरात किया गिरफ्तार

ऑटो विवाद बना हिंसा की वजह, तारबाहर पुलिस का सख्त संदेश

बिलासपुर…शहर के व्यस्त इलाके राजीव प्लाजा में ड्यूटी कर रहे एक सुरक्षा गार्ड से मारपीट का मामला सामने आने के बाद तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने न सिर्फ आरोपियों की पहचान की, बल्कि प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया।

ऑटो जाने से रोका, गार्ड पर टूट पड़े आरोपी

जानकारी के अनुसार प्रार्थी अमर पाल राजीव प्लाजा में गार्ड के रूप में कार्यरत है। 10 जनवरी की रात करीब 10 बजे वह भोजन कर रहा था, उसी दौरान उसकी जगह ड्यूटी पर मौजूद साहेब सिंह ने एक ऑटो चालक को गेट नंबर-01 से वाहन अंदर ले जाने से रोका। इसी बात से नाराज होकर ऑटो चालक ने अपने साथियों को बुला लिया और गार्ड के साथ हाथ, थप्पड़ से मारपीट करते हुए गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी दी।

घटना की गंभीरता देख हरकत में आई पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मामला थाना तारबाहर में दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को तत्काल अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

CCTV फुटेज से हुई पहचान, तीनों गिरफ्तार

थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार अनंत के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया।

पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी रियाज अहमद और सागर नायक के खिलाफ थाना सरकंडा में पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है, जिसे पुलिस ने प्रकरण में संज्ञान में लिया है।

इनकी रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक उदयभान सिंह, प्रधान आरक्षक जय सिंह धुर्वे, आरक्षक रूपलाल चंद्रा और भागीरथी गेंदले का विशेष योगदान रहा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close