LIVE UPDATE
Bilaspur

सड़क पर मौत की रफ्तार: घर के बाहर खड़े व्यक्ति को मारी टक्कर, चार घायल

बेकाबू बाइक, बिखरी जिंदगियां: रामानुजगंज हादसे में दो की हालत गंभीर

रामानुजगंज ( पृथ्वी लाल केशरी) नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 में शनिवार सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोहम्मद मकसूद (52) घर के बाहर खड़े थे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त रही कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर सवार मनोज (22), उसकी पत्नी गीता (19) और भतीजी प्रतिमा (14) भी सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए।

इलाज जारी, दो की हालत चिंताजनक

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। गीता और प्रतिमा को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन मकसूद और मनोज की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सवालों के घेरे में यातायात व्यवस्था

यह हादसा एक बार फिर शहर की लचर यातायात व्यवस्था को उजागर करता है। रिहायशी इलाके में तेज रफ्तार से बाइक दौड़ना सीधे तौर पर नियमों की अनदेखी है, लेकिन ऐसे मामलों पर रोक लगाने में जिम्मेदार विभाग की सक्रियता नजर नहीं आती।

दुर्घटनाओं की जड़: लापरवाही + ढीली व्यवस्था

शहरी इलाकों में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के पीछे कई कारण साफ दिखते हैं— तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, लेन अनुशासन की कमी, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल, नशे में वाहन चलाना और अवैध पार्किंग। इनके साथ ही सड़कों पर अतिक्रमण और ट्रैफिक प्लान की कमी हालात को और खतरनाक बना देती है।

कार्रवाई का इंतजार या अगली दुर्घटना?

शहर में ट्रैफिक सिग्नल सुधार, अवैध पार्किंग हटाने और नियम तोड़ने वालों पर सख्ती की जरूरत लगातार महसूस हो रही है। लेकिन जिम्मेदार विभाग की चुप्पी सवाल खड़े कर रही है—आखिर और कितने हादसों के बाद व्यवस्था जागेगी?

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button