रायपुर। 28 अक्टूबर 2026| दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार के बीच बढ़ती महंगाई और महंगाई भत्ते (DA) की लंबित किस्त ने छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर खाद्य सामग्री, कपड़े, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और घरेलू जरूरतों पर खर्च बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कर्मचारी केंद्र के समान महंगाई भत्ते, लंबित एरियर के भुगतान और नई किस्त की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।

सर्व शिक्षक संघ के प्रवक्ता मोहम्मद यासीर इरफ़ान के अनुसार, प्रदेश के कर्मचारियों को वर्तमान में 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है, जबकि केंद्र के कर्मचारियों से छत्तीसगढ़ के कर्मचारी अभी भी 2% पीछे चल रहे है। DA कि लंबित एरियर राशि जल्द देने की बात उल्लेख करते हुए राज्य में 2 प्रतिशत अतिरिक्त DA की मांग की जा रही है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि इस अंतर को दूर करते हुए 1 जनवरी 2026 से देय अतिरिक्त महंगाई भत्ते का भुगतान एरियर सहित किया जाना चाहिए।केबिनेट बैठक से शिक्षकों और समस्त कर्मचारियों को अपने रुके हुए DA मिलने कि बहुत उम्मीद थी, परन्तु ज़ब मीटिंग खत्म हुई और DA कि घोषणा नहीं होने से कर्मचारियों ने सरकार से नाराजगी सोशल मीडिया में देखने को मिली।

त्योहार में बढ़ता खर्च, कर्मचारियों को राहत का इंतजार : मोहम्मद यासीर इरफ़ान

सर्व शिक्षक संघ के प्रवक्ता,शिक्षक साझा मंच के सह संचालक और अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन से जुड़े इरफ़ान का कहना है कि त्योहारों के समय कर्मचारियों को अपने वेतन और महंगाई भत्ते से जुड़ी राहत मिलने की अपेक्षा रहती है। महंगाई भत्ता कोई अतिरिक्त अनुग्रह नहीं, बल्कि बढ़ती कीमतों के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से दिया जाने वाला महत्वपूर्ण वेतन संबंधी लाभ है। खाद्य सामग्री, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और दैनिक जरूरतों पर बढ़ते खर्च के कारण कर्मचारियों के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में महंगाई भत्ते की किस्तों और एरियर के भुगतान में अनावश्यक विलंब कर्मचारियों की चिंता और निराशा को बढ़ाता है।

लंबित एरियर का भुगतान भी हो – कमल वर्मा

छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने बताया कि कर्मचारी संगठनों की मांग केवल अतिरिक्त 2 प्रतिशत महंगाई भत्ते तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि DA की देय तिथि और वास्तविक भुगतान के बीच अंतर होने पर कर्मचारियों को एरियर का लाभ भी मिलना चाहिए। इसके साथ ही भविष्य में महंगाई भत्ते की किस्तें समय पर जारी करने के लिए स्पष्ट व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, ताकि कर्मचारियों को बार-बार मांग और इंतजार की स्थिति का सामना न करना पड़े।

महंगाई के अनुरूप आर्थिक राहत जरूरी

कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई भत्ता बढ़ती कीमतों के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से दिया जाता है। यदि इसकी किस्तें समय पर जारी नहीं होतीं, तो कर्मचारियों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। पेंशनरों के लिए भी महंगाई राहत (DR) का समय पर भुगतान महत्वपूर्ण है, क्योंकि बढ़ती उम्र में दवाइयों, जांचों और नियमित उपचार पर होने वाला खर्च उनकी आर्थिक जरूरतों का अहम हिस्सा है।

कर्मचारी संगठनों ने राज्य शासन से अपेक्षा की है कि केंद्र और राज्य के महंगाई भत्ते के अंतर को दूर करने, लंबित एरियर का भुगतान करने तथा अगली किस्त के संबंध में स्पष्ट निर्णय जल्द लिया जाए। उनका कहना है कि कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घोषणा के साथ समयबद्ध क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।