रायपुर। नवंबर 2000 में जब छत्तीसगढ़ राज्य बना था, तब सूबे में राईस मिलों की संख्या लगभग 150 के आसपास थी। मगर धान खरीदी नियमों में पोल का फायदा उठाते हुए राईस मिलरों की ऐसी लॉटरी निकली कि 25 साल में प्रदेश में इसकी संख्या बढ़कर तीन हजार हो गई। जाहिर है, धान खरीदी के इस खेल में सबसे अधिक किसी को फायदा हुआ तो वह मिलर्स थे। धान में मोटा-पतला, कनकी, रिसाइकिलिंग से लेकर प्रोत्साहन राशि तक में राईस मिलर और मार्कफेड के अधिकारियों की पांचों उंगली घी में होते थे।

धान खरीदी में सबसे बड़ा खेल रिसाइकिलिंग का होता था। मिलर धान उठाते थे मिलिंग करने के लिए मगर बिना मिलिंग किए वह फिर से बाजार में पहुंच जाता था। और बिचौलिये उसे खरीदकर किसानों को बेच देते थे। ऐसा इसलिए होता था कि छत्तीसगढ़ में प्रति एकड़ क्विंटल धान होता नहीं। उपजाउ जमीनों में 14-15 क्विंटल से अधिक धान नहीं होता। सो, 21 क्विंटल के लिए उन्हें बाजार से धान खरीदना पड़ता था।

राईस मिलरों को प्रोत्साहन राशि में भी बड़ा खेल हुआ। रमन सिंह सरकार तक 10 रुपए मिलिंग चार्ज था और 30 रुपए प्रोत्साहन चार्ज। यानी 40 रुपए। पिछली सरकार ने उसे बढ़ाकर तीन गुना कर दिया। 120 रुपए। बाद में भंडाफोड़ हुआ तो मामला ईडी में गया। मार्कफेड के एमडी मनोज सोनी, राईस मिलर्स एसोसियेशन के कोषाध्यक्ष रोशन चंद्राकर समेत कई गिरफ्तार किए गए।

आर्थिक मामलों की देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी ईडी ने ईओडब्लू में इस केस को दर्ज करने के लिए जो प्रतिवेदन भेजा था, उसमें इस बात का उल्लेख है कि राईस मिलरों को फायदा पहुंचाने के लिए प्रोत्साहन राशि को 40 रुपए से बढ़ाकर 120 रुपए किया गया। उसमें राईस माफियाओं से सौदा यह हुआ था कि चावल की मीलिंग में प्रोत्साहन राशि में 80 रुपए की वृद्धि की जाएगी, पेमेंट मिलने पर राईस मिलर उसमें से 40 रुपए कैश में लौटा देंगे। सौदा यह भी हुआ था कि 120 मीलिंग चार्ज में से पहली किस्त में 60 रुपए दिया जाएगा और फिर बचा 60 रुपए दूसरी किस्त में। 2023-24 में छत्तीसगढ़ में 107 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। इसके मीलिंग प्रोत्साहन राशि के तौर पर सरकार ने पहली किस्त के तौर पर 500 करोड़ मिलरों को दिया। इसमें से 175 करोड़ की वसूली की गई। ऐसा ईडी ने ईओडब्लू को सौंपे अपने प्रतिवेदन में कहा है।

पूरा माल मिलरों की जेब में

ईडी ने प्रतिवेदन में पहले किस्त के भुगतान का उल्लेख किया था। ईडी ने इसके लिए उच्च लेवल के लोगों शब्द का इस्तेमाल किया है, जिनके पास मार्कफेड के एमडी मनोज सोनी और राईस मिल एसोसियेशन के कोषाध्यक्ष रोशन चंद्राकर वसूली करके पहुंचाते थे। मगर पहली किस्त जारी होने के बाद सरकार बदल गई। अब मनोज सोनी और रोशन चंद्राकर को ईडी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बहरहाल, नई सरकार ने दूसरी किश्त के तौर पर 40 प्रति क्विंटल वाली राशि जारी की है, उसमें उच्च लेवल के लोगों का 20 रुपए कमीशन भी राईस मिलरों की जेब में चला गया होगा। क्योंकि, यही सरकार कस्टम मीलिंग की जांच करा रही। सो, इस समय बिचौलियों का सवाल ही पैदा नहीं होता। ऐसे में, दूसरी किस्त का करीब 214 करोड़ रुपए बनता है 20 रुपए के हिसाब से। यह राशि राईस मिलरों की जेब में गया होगा।

राईस मिलरों की जेब में 1640 करोड़

ईडी के प्रतिवेदन के अनुसार प्रोत्साहन राशि तीगुना बढ़ाने वाली सरकार के नहीं रहने से छत्तीसगढ़ के राईस मिलरों की किस्मत खुल गई है। पिछले साल की दूसरी किस्त का उपर जाने वाला पैसा जेब में गया ही अब इस साल याने 2023-24 में 124 लाख मीट्रिक धान हुआ है। इसका प्रोत्साहन राशि बढ़ोतरी के 80 रुपए में से 40 रुपए उपर जाता, वह अब सीधे राईस मिलरों की जेब में जाएगा। 40 रुपए मिलिंग प्रोत्साहन राशि के तौर पर यह करीब 1640 करोड़ बैठता है। वैसे, राईस मिलर तो पहले से ही फायदे में थे। पहले उन्हें 10 रुपए मीलिंग चार्ज और 30 रुपए प्रोत्साहन राशि मिलाकर 40 रुपए प्रति क्विंटल मिलते थे। पिछली सरकार ने एकदम से तीगुना बढ़ाकर 120 रुपए कर दिया। इसमें जांच एजेंसियों का जैसा कि आरोप है 80 रुपए में से 40-40 रुपए की हिस्सेदारी बंटनी थी राईस मिलरों और उच्च स्तर के लोगों में। इसमें राईस मिलरों के खाते में आता 120 रुपए के हिसाब से। बाकी 40 रुपए उन्हें कैश में लौटाना था। लिहाजा राईस मिलरों की प्रोत्साहन राशि 80 रुपए मिल रही थी।