बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के चकरभाठा क्षेत्र के कड़ार में बुधवार दोपहर बच्चों से भरी फोलिएज पब्लिक स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और खेत में जा घुसी। राहत वाली बात ये कि किसी बच्चे को गंभीर चोटें नहीं आई और कोई हताहत नहीं हुआ।

जब यह भयावह हादसा हुआ उस समय बस में तकरीबन 25 बच्चे सवार थे। अचानक हुई घटना से बच्चों में चीख-पुकार मच गई। एक बच्चे को चोट आई है, जिसे परिजन अस्पताल लेकर गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला और उन्हें संभाला।

नाराज ग्रामीणों ने ड्राइवर की लापरवाही के साथ ही स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। वहीं, पुलिस के अनुसार बस का स्टेयरिंग लॉक होने से वाहन अनियंत्रित हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कड़ार स्थित फोलिएज पब्लिक स्कूल में आसपास के कई गांवों के बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को लाने और घर छोड़ने के लिए बस की व्यवस्था की है। बुधवार दोपहर छुट्टी के बाद बस बच्चों को लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान नेशनल हाईवे से करीब दो किलोमीटर अंदर कड़ार के पास बस सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। अचानक हुए हादसे से बस में सवार बच्चे घबरा गए। कुछ बच्चे रोने लगे। सड़क से गुजर रहे लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उन्हें बस से बाहर निकाला। बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकालने के बाद राहगीरों व ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप, स्कूल प्रबंधन पर भी उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं बरत रहा है। बस के ड्राइवर को बार-बार बदला जा रहा है। इससे नए ड्राइवरों को क्षेत्र की सड़कों और यातायात की स्थिति की पर्याप्त जानकारी नहीं रहती। ग्रामीणों के मुताबिक, बुधवार को भी बस तेज रफ्तार से चलाई जा रही थी। इसी वजह से वाहन अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसा। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

एक बच्ची की हो गई थी मौत, दूसरी घटना में 15 बच्चे हुए थे घायल

  1. कवर्धा (12 अक्टूबर 2026): जिले के दामापुर और कापादाह गांव के पास सनराइज पब्लिक स्कूल की बस स्टीयरिंग जाम होने के कारण पलट गई। इस हादसे में 15 बच्चे घायल हुए थे, जिन्हें डायल 112 की मदद से पंडरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
  2. कोरिया जिला (12 सितंबर 2026): स्कूल बस की चपेट में आने से दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक छोटी बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।