फाइल फोटो क्रिएट – NPG

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि, युवक हवा में उछलकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में गिर गया। इसके बाद वह स्कूटी से टकरा गई। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार देर रात सीएसईबी चौक के पास की है। मुख्य मार्ग पर डिवाइडर से टर्न ले रही एक कार से तेज रफ्तार बाइक सवार जोरदार ढंग से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि, बाइक चालक हवा में उछलते हुए डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी लेन में जा गिरा।

दूसरी लेन में आ रही स्कूटी भी चपेट में आई
हवा में उछलकर विपरीत दिशा में गिरे युवक से सड़क पर सामने से आ रही एक स्कूटी जा टकराई। स्कूटी पर दो महिलाएं सवार थीं। युवक के टकराने से स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर पड़ी, जिससे दोनों महिलाओं को हल्की चोटें आई हैं। गनीमत रही कि, स्कूटी की गति धीमी थी, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से टल गया।

जांच में जुटी पुलिस
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।