रायपुर। 30 अक्टूबर 2026| शुक्रवार की सुबह से ACB- EOW की छत्तीसगढ़ के आधा दर्जन शहरों में ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई चल रही है। पूर्व मंत्री के करीबियों के राजनांदगांव स्थित ठिकानों के अलावा बिलासपुर में एक कोयला व्यापारी के ठिकानों पर एसीबी ईओडब्ल्यू की टीम कार्रवाई कर रही है।

बिलासपुर और राजनांदगांव के अलावा कोरबा, कटघोरा और दुर्ग में काेयला और शराब कारोबारियों के ठिकानों पर जांच एजेंसी के अफसरों ने दबिश दी है। इन शहरों में छापामार कार्रवाई की जानकारी मिली है।

बिलासपुर में कोल व्यवसायी के ठिकानों पर छापे

EOW-ACB की टीम ने बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी की टीम ने उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोयला कारोबारी के ठिकाने पर दबिश दी है। कार्रवाई के दौरान टीम परिसर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि जांच टीम का फोकस कारोबारी से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल पर है।

आधिकारिक जानकारी का इंतजार

वैभव गोलछा के सनसिटी स्थित घर पर दी दबिश

EOW की एक टीम ने सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित मकान नंबर 43-44 में दबिश दी। यह मकान कारोबारी वैभव गोलछा का बताया जा रहा है। वैभव गोलछा के शहर के कई बड़े कारोबारियों और रसूखदार लोगों से करीबी संबंध हैं। वे सड़क निर्माण और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र की फर्म KLA (केएलए) से भी जुड़े बताए जा रहे हैं।

कारोबारी जय बग्गा के लालबाग स्थित ठिकाने पर मारा छापा

लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा के निवास और व्यावसायिक परिसर में छापेमारी की। वैभव गोलछा और जय बग्गा आपस में कारोबारी साझेदार हैं। दोनों के पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के करीबियों से संबंध होने की बात भी सामने आई है।

शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच

EOW की यह कार्रवाई शराब घोटाले की जांच से जुड़ी बताई जा रही है। टीम दोनों कारोबारियों के वित्तीय लेन-देन और संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। जांच का उद्देश्य घोटाले से जुड़े लोगों और लेन-देन की कड़ियों का पता लगाना है।

बैंक अकाउंट, संपत्ति के दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस की पड़ताल

छापेमारी के दौरान दोनों परिसरों में बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। जांच टीम बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, अचल संपत्तियों के दस्तावेज और मोबाइल-लैपटॉप जैसे डिजिटल डिवाइस की जांच कर रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद EOW की ओर से आधिकारिक जानकारी दिए जाने की संभावना है।