Chhattisgarh News,हाई-टेक नशे का भंडाफोड़: दिल्ली से कूरियर के जरिए मंगाया जा रहा था ओसियन ग्रो गांजा, तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे

Chhattisgarh News/रायपुर। राजधानी रायपुर की सिविल लाइन पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय तस्करी के एक अनूठे नेटवर्क को ध्वस्त किया है।
पुलिस ने मोवा इलाके से दिल्ली निवासी एक हाई-प्रोफाइल तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो सामान्य गांजे के साथ-साथ विशेष किस्म के ‘समुद्री गांजे’ जिसे ‘ओसियन ग्रो गांजा’ (Ocean Grow Ganja) कहा जाता है, की सप्लाई कर रहा था। पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में तस्कर के पास से लाखों रुपये का माल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय रितिक पसरिचा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दिल्ली के शाहदरा (दिलशाद गार्डन) का निवासी है और फिलहाल रायपुर के मोवा स्थित अशोका हाइट्स में रह रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर रितिक को पकड़ा।
जब उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई, तो पुलिस भी दंग रह गई। बैग के अंदर अलग-अलग पाउच में सामान्य गांजे के साथ-साथ प्रीमियम क्वालिटी का ओसियन ग्रो गांजा छिपाया गया था।
पुलिस ने आरोपी के पास से 2.870 किलोग्राम सामान्य गांजा, 0.114 ग्राम दुर्लभ ओसियन ग्रो गांजा, 3000 रुपये नकद, एप्पल कंपनी का एक महंगा आईफोन और नशा तौलने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले दो छोटे इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 3,62,600 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह दिल्ली में रहने वाले अपने एक साथी के साथ मिलकर इस नशीले पदार्थ को कूरियर के माध्यम से दिल्ली से रायपुर मंगवाता था।
इस खुलासे के बाद रायपुर पुलिस अब उस कूरियर कंपनी के संचालकों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिसकी मदद से इतनी आसानी से प्रतिबंधित नशीले पदार्थ अंतर्राज्यीय सीमाओं को पार कर रहे थे। रितिक पसरिचा के खिलाफ थाना सिविल लाइन में नारकोटिक्स एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।





