रेत के गड्ढे में दबी सच्चाई: नाबालिग की मौत को ‘एक्सीडेंट’ बताने वाला माफिया गिरफ्तार

बिलासपुर/रतनपुर…खारंग नदी किनारे हुई नाबालिग की मौत के मामले में रतनपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए रेत माफिया के खेल को उजागर किया है। शुरुआती तौर पर इसे ट्रैक्टर हादसा बताने की कोशिश की गई, लेकिन जांच में सामने आया कि मौत अवैध रेत खनन के दौरान गड्ढा धंसने से हुई थी।
घटना 9 अप्रैल की रात करीब 3 बजे की है, जब सूचना मिली कि ग्राम गढ़वट में रेत परिवहन के दौरान एक किशोर की मौत हो गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान अमित कश्यप के रूप में हुई।
मर्ग जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, उन्होंने पूरी कहानी पलट दी। जांच में पाया गया कि आरोपी तोषण कश्यप द्वारा खारंग नदी में अवैध रूप से गहराई तक रेत निकाली जा रही थी। 6-7 फीट गहरे गड्ढे में काम कराना जोखिम भरा होने के बावजूद नाबालिग समेत अन्य लोगों को नीचे उतारा गया। इसी दौरान गड्ढा धंस गया, जिसमें अमित कश्यप दब गया और उसकी मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी ने सच्चाई छिपाने की कोशिश की। ट्रैक्टर को मौके से हटाकर ट्रॉली पलट दी गई और इसे सड़क हादसा बताने की कहानी गढ़ी गई। लेकिन पुलिस की जांच में पूरा घटनाक्रम सामने आ गया।
साक्ष्य मिटाने और जानबूझकर जोखिम भरे हालात में काम कराने के चलते आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया। रतनपुर पुलिस ने आरोपी तोषण कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर अवैध रेत खनन के खतरनाक चेहरे को सामने ला दिया है, जहां लालच के चलते जान जोखिम में डालकर काम कराया जा रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





