LIVE UPDATE
Chhattisgarh

म्यूल अकाउंट गिरोह का भंडाफोड़, ऑनलाइन गेमिंग के अवैध लेनदेन में 2 और आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और 'म्यूल अकाउंट' (Mule Account) के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन करने वाले गिरोह पर अपना शिकंजा और कस दिया है। पद्मनाभपुर पुलिस ने इस सिंडिकेट से जुड़े दो और महत्वपूर्ण आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दुर्ग: छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के जरिए अवैध धन को ठिकाने लगाने वाले एक गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है।

पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो महज थोड़े से पैसों के लालच में अपने बैंक खाते गिरोह को उपलब्ध कराते थे। इस मामले में पुलिस अब तक कुल 8 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

क्या था धोखाधड़ी का पूरा खेल?

​यह मामला 30 दिसंबर 2025 को तब सामने आया जब हुडको निवासी प्रार्थी अविनाश दुबे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी का आरोप था कि कुछ लोगों ने उसे धोखे में रखकर उसके नाम पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए और उसके एटीएम कार्ड, पासबुक एवं चेकबुक अपने पास रख लिए। बाद में इन खातों का उपयोग ऑनलाइन गेमिंग से प्राप्त अवैध राशि के लेनदेन के लिए किया जाने लगा।

क्रेडिट कार्ड की जांच से खुला राज

​पुलिस ने विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी पवन कुमार यादव के पास से आईडीबीआई (IDBI) बैंक का एक क्रेडिट कार्ड बरामद किया था। जब इस कार्ड की गहराई से जांच की गई, तो पता चला कि यह कार्ड बादल नाहर (निवासी सिद्धार्थ नगर, दुर्ग) और मुरारी महानंद (निवासी हरिजन पारा, दुर्ग) के नाम पर जारी किए गए थे।

​जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इन दोनों आरोपियों ने अधिक धन कमाने के लालच में जानबूझकर अपने बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड ऑनलाइन गेमिंग सिंडिकेट को सौंपे थे, ताकि उनके माध्यम से अवैध रुपयों का ट्रांजैक्शन किया जा सके। शनिवार को पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।

पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं 6 आरोपी

​पद्मनाभपुर पुलिस इस गिरोह के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मामले में पहले ही लोकेश कुमार जाधव, टवन कुमार जाधव, विनय सिंह सेंगर, राजू गायकवाड, अमित मिश्रा और विशाल मसीह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

Back to top button
close