वरिष्ठ भाजपा नेता बंधु मौर्य की हत्या की 25 लाख की सुपारी: भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारी पर साजिश का आरोप, सोशल मीडिया फोटो से मचा राजनीतिक भूचाल
भाजपा पदाधिकारी तक पहुंची जांच भाजपा नेता की हत्या की कथित 25 लाख की डील

बिलासपुर…वरिष्ठ भाजपा नेता और नगर निगम पार्षद बंधु मौर्य की हत्या के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी तय होने का मामला अब खुलकर राजनीतिक स्वरूप ले चुका है। जांच में सामने आया कि इस साजिश का सूत्रधार राजू सोनकर है, जो बेलतरा विधानसभा के पूर्वी मंडल में भाजपा युवा मोर्चा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ का पदाधिकारी बताया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि 15 दिसंबर को बाहरी शूटर बुलाए गए। 25 लाख रुपये में सौदा तय हुआ और 6 लाख रुपये एडवांस दिए गए। रेकी की गई, रास्ते चिन्हित किए गए, घेरने की कोशिश हुई — लेकिन बंधु मौर्य बच निकले और योजना विफल हो गई।
ज्वेलरी लूटकांड में पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया कि वे राजू सोनकर के बुलावे पर आए थे और मूल लक्ष्य बंधु मौर्य थे।
मामले ने तब और सनसनी फैला दी जब राजू सोनकर के सोशल मीडिया प्रोफाइल पर स्थानीय विधायक और प्रदेश स्तर के दिग्गज नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें सामने आईं। राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय उपस्थिति और वरिष्ठ नेताओं के साथ मंच साझा करने वाली तस्वीरें अब चर्चा का विषय बनी हुई हैं। फोटो के साथ राजू सोनकर का फेसबुक में पोस्ट भी है जिसमें उसने जिम्मेदारी दिए जाने पर अपने वरिष्ठ नेताओं समेत स्थानीय विधायक और दिग्गज नेताओं के प्रति आधार प्रकट किया है
एक ही राजनीतिक संगठन से जुड़े दो नेताओं के बीच हत्या की साजिश का आरोप — और आरोपी पदाधिकारी की प्रभावशाली राजनीतिक तस्वीरें — इस पूरे प्रकरण को साधारण आपराधिक घटना से कहीं आगे ले जाती हैं।





