LIVE UPDATE
Chhattisgarh

कलेक्टर का अफसरों को सख्त अल्टीमेटम…कागज़ी प्रगति नहीं…, ज़मीनी परिणाम चाहिए

फाइल नहीं, फैसलों की रफ्तार दिखनी चाहिए

बलरामपुर। (पृथ्वीलाल केशरी)..समय-सीमा की बैठक इस बार औपचारिकता से आगे बढ़ी। कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने साफ कहा—प्रगति अब फाइलों में नहीं, ज़मीन पर दिखनी चाहिए। राजस्व प्रकरणों की लंबी कतार पर सीधे सवाल उठे। नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे मामलों में देरी पर कड़ी नाराज़गी जाहिर हुई। निर्देश स्पष्ट—तय समयसीमा में निपटारा हो, लापरवाही पर जवाबदेही तय होगी।

प्रधानमंत्री आवास के अधूरे निर्माण पर भी सख्ती दिखी। लंबित प्रकरणों की सूची अपडेट कर निर्माण में तेजी लाने को कहा गया। आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य के सूचकांकों की जमीनी हकीकत पर समीक्षा हुई। संदेश गया—आंकड़ों का खेल नहीं चलेगा, सेवाएं लोगों तक पहुंचें।

जल जीवन मिशन की समीक्षा में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर रहा। स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की सक्रियता, दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों की उपस्थिति पर निगरानी मजबूत करने के निर्देश मिले।

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर आगामी त्योहारों को देखते हुए चौकसी बढ़ाने का आदेश दिया गया। सीमावर्ती चेकपोस्टों की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और विभागीय समन्वय को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

एनसीओआरडी बैठक में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की रणनीति बनी। स्कूल-कॉलेज स्तर पर जागरूकता अभियान और संयुक्त अभियान को तेज करने पर सहमति बनी। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को लेकर स्पष्ट निर्देश—आवेदन इधर-उधर नहीं घूमेंगे, तय समय में समाधान सामने आए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वन मंडल अधिकारी आलोक बाजपेई, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, एसडीएम अभिषेक गुप्ता सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close