प्री-स्कूल में अमानवीय व्यवहार..3 साल की बच्ची का सिर दीवार से पटका..
यूनिफॉर्म न पहनने पर बच्चों को कमरे में बंद किया, 3 साल की बच्ची का सिर दीवार से पटका

रायपुर..राजधानी रायपुर के हीरापुर रोड स्थित मोहबा बाजार में संचालित फास्ट क्राई इंटेलाइटोटस प्री-स्कूल एवं डे-केयर में मासूम बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। गणतंत्र दिवस की थीम पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान तय यूनिफॉर्म न पहनकर आने वाले बच्चों को कथित तौर पर एक कमरे में बंद कर दिया गया।
मामला तब और गंभीर हो गया जब टोडलर क्लास में पढ़ने वाली तीन वर्षीय बच्ची के साथ शारीरिक प्रताड़ना का आरोप सामने आया। शिकायत के अनुसार, स्कूल स्टाफ द्वारा बच्ची को जोर से धक्का दिया गया, जिससे उसका सिर दीवार से टकरा गया। इस घटना में बच्ची के सिर में सूजन आई और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
सीसीटीवी फुटेज से आई सच्चाई
एफआईआर के मुताबिक, 23 जनवरी को बसंत पंचमी के दिन बच्ची की मां उसे स्कूल छोड़ने गई थीं। टिफिन कराने के बाद उन्होंने आया से बच्ची का मुंह धुलवाने को कहा। कुछ देर बाद बच्ची तेज रोते हुए वापस लौटी। जब कारण पूछा गया तो आया ने हेयरबैंड गिरने की बात कही, लेकिन बच्ची के सिर में स्पष्ट सूजन दिखाई दे रही थी।
बाद में जब स्कूल का सीसीटीवी फुटेज देखा गया, तो सामने आया कि बच्ची का सिर जानबूझकर दीवार से टकराया गया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पीड़ित बच्ची की मां की शिकायत पर आमानाका पुलिस ने स्कूल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 125 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में स्कूल की आया माधुरी को बच्ची के साथ मारपीट और प्रताड़ना का आरोपी बनाया गया है, जबकि अन्य पहलुओं पर पुलिस जांच जारी है।
निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर निजी प्री-स्कूल और डे-केयर सेंटरों में बच्चों की सुरक्षा, निगरानी और स्टाफ की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





