LIVE UPDATE
Chhattisgarh

राजधानी में रहस्यमयी मौत..इलाके  में सनसनी: पेड़ से लटकी युवती की लाश ने खड़े किए कई सवाल 

सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक हालात पर सवाल

रायपुर..छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर एक रहस्यमयी मौत को लेकर सुर्खियों में है। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नरैय्या तालाब के पास शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोगों ने एक युवती की लाश पेड़ से लटकी हुई देखी। घटना सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने तालाब के समीप पेड़ से लटकी युवती को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृत युवती की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवती के चेहरे पर मास्क लगा हुआ था और उसने स्कार्फ का फंदा बनाकर फांसी लगाई थी। शव के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिससे अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। घटनास्थल के हालात, युवती की पहचान न होना और सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, साथ ही जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी मिलान किया जा रहा है। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर युवती के यहां तक पहुंचने की कड़ी जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का बना हुआ है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

राजधानी के व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक हालात पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close