CG News-बोलेरो के सीक्रेट चैंबर से निकला 13 लाख का गांजा, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

CG News/कबीरधाम /छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले की पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के थाना बोड़ला क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर एक बोलेरो वाहन को पकड़ा, जिसमें विशेष रूप से बनाए गए ‘सीक्रेट चैंबर’ के भीतर छिपाकर ले जाया जा रहा भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 25 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त किया है।
यह कार्रवाई शनिवार, 11 जनवरी को हुई। कबीरधाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही बोड़ला थाना पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी। जैसे ही सूचना के आधार पर संदिग्ध बोलेरो वाहन क्षेत्र में पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी लेनी शुरू की।
प्रारंभिक तलाशी में वाहन सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन पुलिस ने जब गहनता से जांच की तो वाहन के भीतर एक गुप्त केबिन (सीक्रेट चैंबर) का पता चला। इस चैंबर को इस तरह डिजाइन किया गया था कि आम आदमी की नजर उस पर न पड़े। चैंबर को खोलने पर पुलिस को उसके अंदर खाकी टेप से लिपटे 25 पैकेट गांजा मिला।
जब्त माल की कीमत 25 लाख रुपये
पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए 25 पैकेट गांजे की कुल कीमत लगभग 13 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए गए बोलेरो वाहन, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये है, उसे भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। कुल जब्ती 25 लाख रुपये की बताई जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए तस्करों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।





