LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG News-पोटाकेबिन छात्रा की मौत: कांग्रेस जांच दल ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग

CG News/छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पोटाकेबिन आवापल्ली की कक्षा छठवीं की छात्रा मनीषा सेमला की दर्दनाक मौत के मामले ने अब प्रशासनिक और राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।

इस हृदयविदारक घटना की विस्तृत जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित एक विशेष दल ने शनिवार को घटनास्थल का दौरा किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले की पड़ताल की। पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष और जांच दल के संयोजक कमलेश कारम के नेतृत्व में पहुंचे इस दल ने पोटाकेबिन के शिक्षकों, सहपाठी छात्राओं और मृतका के परिजनों से लंबी चर्चा की, जिसके बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जांच दल ने अपने दौरे की शुरुआत आवापल्ली स्थित पोटाकेबिन से की, जहां मनीषा की सहेलियों और वहां तैनात शिक्षकों से घटनाक्रम की जानकारी ली गई।

इसके पश्चात दल सीधे मृतका के गृहग्राम गुंडम पहुंचा, जहां शोकाकुल परिजनों ने अपनी पीड़ा और आक्रोश व्यक्त किया। परिजनों ने जांच दल को बताया कि मनीषा की मौत का मुख्य कारण पोटाकेबिन की अधीक्षिका कमला ककेम की घोर लापरवाही है।

उनका आरोप है कि मनीषा की तबीयत खराब होने की सूचना बार-बार दिए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और समय रहते समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं की गई। परिजनों का मानना है कि यदि समय पर अस्पताल ले जाया जाता, तो उनकी बेटी आज जीवित होती।

छात्राओं, शिक्षकों और परिजनों से प्राप्त तथ्यों के आधार पर कांग्रेस के जांच दल ने अपने प्रारंभिक निष्कर्ष में माना है कि यह मनीषा सेमला की स्वाभाविक मौत नहीं, बल्कि लापरवाही का स्पष्ट मामला है।

दल के संयोजक कमलेश कारम ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस प्रकरण में दोषी अधीक्षिका के विरुद्ध तत्काल और कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि पोटाकेबिन जैसे संस्थानों में बच्चों की जान के साथ इस तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए ताकि पोटाकेबिन में रह रहे अन्य बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

जांच दल के इस दौरे के दौरान कमलेश कारम के साथ सोनू पोटाम, मनोज अवलम, सरस्वती वासम, अनिता तेलम, राजेश वासम और बोधि ताती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Back to top button
close