LIVE UPDATE
Big news

हाथियों का आतंक: आधी रात घर में घुसे दो दंतैल, गांव में अफरा-तफरी

सरगुजा, मैनपाट…कण्डराजा गांव में बीती रात दो दंतैल हाथियों के एक ग्रामीण के घर में घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना रात करीब 11 बजे हुई, जब अधिकांश ग्रामीण सोने की तैयारी कर रहे थे। हाथियों की आहट और अफरातफरी की आवाज़ों से पूरा गांव जाग उठा और डर के माहौल में लोगों ने एक-दूसरे को सतर्क करना शुरू किया।

ग्रामीणों की नींद उड़ी

नर्मदापुर के पास एक रिसोर्ट में मौजूद रिपोर्टिंग टीम को रात के सन्नाटे में अचानक गांव से चीख-पुकार और शोर सुनाई दिया। जब टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि वन विभाग की गाड़ी सायरन बजाती हुई गांव की ओर बढ़ रही थी। गांव वालों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से हाथियों की आवाजाही आम हो चुकी है और लोग अब रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं।

 मशक्कत के बाद बाहर निकले हाथी

वन विभाग की ‘गजराज वाहन’ टीम ने सर्च लाइट और सायरन की मदद से हाथियों को घर से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। स्थानीय युवक ट्रैक्टर की रोशनी और जलती लकड़ियों से हाथियों को डराने में लगे रहे। लगभग आधे घंटे की कोशिश के बाद दोनों हाथी घर से बाहर निकलकर जंगल की ओर भाग गए।

 मुआवजे की राह देखता परिवार

हाथी जिस घर में घुसे, वह परमेश्वर नामक ग्रामीण का था। उनका मिट्टी और खपरैल का मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घर का आधा हिस्सा टूट गया और अंदर रखा सारा सामान बिखर गया। परमेश्वर ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है—पिछले साल भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया था, लेकिन मुआवजे की फाइल आज तक लंबित है। “आज की महंगाई में कच्चा मकान बनाना बहुत महंगा हो गया है,” उन्होंने दुख के साथ कहा।

संसाधनों की कमी और ग्रामीणों की मजबूरी

कण्डराजा के युवाओं ने बताया कि हाथियों के डर से अब वे रातभर जागते हैं। कई घरों पर सर्च लाइट लगाई गई है ताकि समय रहते हाथियों की मौजूदगी का पता चल सके। लेकिन वे मानते हैं कि संसाधन अब भी कम हैं। नर्मदापुर के एक रिसोर्ट में तैनात सुरक्षाकर्मी कुमार पासवान के मुताबिक मैनपाट के करीब 15 गांव हाथी प्रभावित हैं, पर सरकारी सहयोग नाममात्र है।

‘गजराज वाहन’ एक ही, स्टाफ कम

वन विभाग के एक सुरक्षाकर्मी ने बताया कि अंबिकापुर में सिर्फ एक ‘गजराज वाहन’ है, जिसे वर्तमान में मैनपाट में तैनात किया गया है। पहले यहां विशेषज्ञ सुरक्षाकर्मी थे, लेकिन अब आम सुरक्षाकर्मियों को ही यह जिम्मेदारी निभानी पड़ रही है। प्रभावित गांवों की संख्या के मुकाबले स्टाफ बेहद कम है, लेकिन फिर भी वे हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। ‘गजराज वाहन’ के साथ एक ‘उड़नदस्ता टीम’ भी है, जो तत्काल मौके पर पहुंचने की कोशिश करती है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close