बिलासपुर।छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है। बैंक बंद रहने के कारण टीचर्स एसोसिएशन ने माशिमं से शुल्क भुगतान की समयसीमा बढ़ाने की मांग की है।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के द्वारा शिक्षा सत्र 2026- 27 हेतु बोर्ड परीक्षा शुल्क व 9 वी के नामांकन शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है,

प्रदेश में 90 प्रतिशत विद्यार्थियों के पालक कृषि पर निर्भर है किंतु इस वर्ष अत्यधिक बारिश के चलते फसलों को भारी नुकसान हुआ है, वे अपने फसलों की देखभाल में अत्यंत राशि व्यय कर चुके हैं।

जिसके चलते उनकी आर्थिक स्थिति बहुत ही खराब हो चुकी है। वैतनिक कर्मचारियों व कामगार को भी बैंक बन्द होने से समय पर भुगतान नही मिलेगा।

मंडल द्वारा निर्धारित भारी भरकम फीस जमा करने के लिए भारी जुगत लगाना पड़ रहा है साथ ही संजय शर्मा ने बताया कि पूर्व घोषित अवकाश के चलते भी विद्यालय में कार्य दिवस कम पड़ रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 28 सितंबर से 30 सितंबर तक बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल घोषित है एवं 26 शनिवार व 27 रविवार को बैंकों का अवकाश होने के चलते कई शालाओं द्वारा जो शुल्क लिया गया है, उसे निर्धारित तिथि में भुगतान/ जमा किया जाना संभव नहीं है।

मंडल द्वारा 30 सितंबर बोर्ड परीक्षा व नामांकन शुल्क जमा करने अंतिम तिथि तय की गई है, 26 से 30 तक बैंक बन्द होने से शुल्क जमा करने में व्यवहारिक कठिनाई को ध्यान में रखते हुए नया निर्देश जारी किया जावे।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, संयोजक सुधीर प्रधान, वाजिद खान, प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहू, प्रवीण श्रीवास्तव, शैलेन्द्र यदु, मुकेश मुदलियार, संजय उपाध्याय, कोमल वैष्णव, प्रदेश सचिव मनोज सनाढ्य, प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र पारीक आदि पदाधिकारयों ने छतीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष एवं सचिव से मांग किया है कि बोर्ड परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि को पालक एवं छात्र हित में वृद्धि किया जावे।