200 करोड़ का कोल फ्रॉड…रिश्तेदार के घर में छिपे मिले दोनों फरार आरोपी…आधी रात को गिरफ्तार

कुरुद…गुजरात के बहुचर्चित कोल फ्रॉड मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया। गुजरात साइबर टीम ने छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद में छिपे दोनों आरोपियों को स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी अपने एक रिश्तेदार के घर में छिपे हुए थे। जानकारी के अनुसार रिश्तेदार भाजपा से जुड़े हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भिलाई निवासी संजय अग्रवाल और सचिन अग्रवाल के रूप में हुई है। दोनों पर गुजरात में दर्ज करीब 200 करोड़ रुपये के कोल घोटाले में शामिल होने का आरोप है। बताया जा रहा है कि फ्रॉड में शामिल कई अन्य साथी अब भी फरार हैं।
बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे साइबर टीम ने कुरुद पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर दोनों को धर दबोचा। गुरुवार सुबह दोनों को सिविल कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया, जिसके बाद टीम उन्हें गुजरात ले गई।