LIVE UPDATE
Bilaspur

1.10 लाख की चैन लूटी, 300 कैमरों ने खोला राज—गोल्ड लोन तक पहुंची पुलिस

रॉन्ग साइड से झपट्टा, CCTV से घेराबंदी… आखिरकार पुलिस के जाल में फंसे स्नेचर

बिलासपुर…शहर में सक्रिय चैन स्नेचिंग गैंग पर पुलिस ने सटीक और आक्रामक कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं और आखिरकार आरोपियों तक पहुंच बनाई। लूट की पूरी संपत्ति, वाहन और नगदी बरामद कर ली गई है।

रात में वारदात, सुनसान सड़क पर निशाना

23 मार्च की रात वैष्णवी विहार निवासी शोभना भांडेकर अपने भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। रामा पोर्ट के पास स्कूटी पंचर होने के बाद दोनों धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पल्लव भवन के पास रॉन्ग साइड से आए एक युवक ने झपट्टा मारकर गले से करीब 1.10 लाख की सोने की चैन और लॉकेट लूट लिया और साथी के साथ फरार हो गया।

300 CCTV से खुला पूरा नेटवर्क

घटना के बाद पुलिस ने शहरभर के 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एसीसीयू और सिविल लाइन थाना की संयुक्त टीम ने संदिग्धों की पहचान कर साइबर सेल की मदद से उनकी लोकेशन ट्रैक की।

देवरीखुर्द–तारबाहर में घेराबंदी, दोनों गिरफ्तार

पुख्ता इनपुट मिलने पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शेख सलमान (27) और आकाश उर्फ आशु नायक (23) ने पूछताछ में पूरी साजिश कबूल कर ली।

पहले से था टारगेट, ऑटो से पीछा, फिर वार

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पीड़िता को पहले ही टारगेट कर लिया था। स्कूटी पंचर होने के बाद ऑटो से पीछा करते रहे और सही मौके का इंतजार किया। जैसे ही मौका मिला, रॉन्ग साइड से आकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

गोल्ड लोन में गिरवी रख दी चैन

लूट के बाद आरोपियों ने सोने की चैन और लॉकेट को आईआईएफ गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर 80 हजार रुपए का लोन ले लिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए न सिर्फ चैन बरामद की, बल्कि नगदी 5000 रुपए, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और ऑटो भी जब्त किया।

तेज कार्रवाई पर टीम को इनाम

पूरी कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, थाना प्रभारी एस.आर. साहू, एसीसीयू प्रभारी तोप सिंह नवरंग सहित टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका पर एसएसपी ने सराहना करते हुए पुरस्कार की घोषणा की।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close