LIVE UPDATE
Bilaspur

रिहायशी अपार्टमेंट में गोदाम की आग: नियम जले या रिश्ते बचे? नक्शा कहता पार्किंग, हकीकत बनी गोदाम—जवाब दे निगम

48 परिवारों की जान जोखिम में, किसने दी गोदाम की छूट?

बिलासपुर.. मंगला क्षेत्र स्थित गज मोहिनी अपार्टमेंट के भूतल पर बने इलेक्ट्रिकल-इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में अल सुबह आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुआँ 48 फ्लैटों में भर गया और परिवारों में अफरातफरी मच गई। दमकल को सूचना दी गई, टीम पहुँची भी, लेकिन टैंकर में पानी खत्म होने की वजह से शुरुआती समय में आग पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर प्रयास शुरू किए, तब जाकर स्थिति संभली। बड़े जानमाल के नुकसान से बचाव हुआ, पर माल का भारी नुकसान हुआ।

सबसे बड़ा सवाल आग से भी बड़ा है—जिस जगह को अपार्टमेंट के नक्शे में पार्किंग के लिए चिन्हित किया जाता है, वहाँ गोदाम कैसे खड़ा हो गया? क्या नगर निगम ने इसकी अनुमति दी? अगर दी, तो किस आधार पर? और अगर नहीं दी, तो यह निर्माण किसकी निगरानी में हुआ?

अपार्टमेंट और बड़े प्रतिष्ठानों की पार्किंग से कब्जा हटाने का अभियान पहले चल चुका है। भारी पेनाल्टी भी लगी। फिर गज मोहिनी परिसर पर नजर क्यों नहीं पड़ी? चर्चा यह भी है कि परिसर के मालिक अरुण अग्रवाल और मनन अग्रवाल ने भूतल को गोदाम में तब्दील कर दिया। अनुमति ली गई थी या नहीं—इस पर स्पष्ट जवाब नहीं मिला। निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे से संपर्क का प्रयास हुआ, जवाब नहीं मिला। मनन अग्रवाल ने फोन उठाया, पर अनुमति संबंधी सवाल को अपने पिता पर टाल दिया।

यह सिर्फ एक आग की घटना नहीं, शहरी नियोजन और निगरानी की परीक्षा है। रिहायशी इलाके में ज्वलनशील सामान का गोदाम—किस नियम के तहत? यदि अनुमति नहीं थी तो कार्रवाई कहाँ है? यदि अनुमति थी तो नीति क्या कहती है?

48 से अधिक परिवारों की सुरक्षा दांव पर लगी। धुआँ फ्लैटों में भरा, बच्चे-बुजुर्ग घबराए। सवाल अब सीधे प्रशासन की ओर है—क्या इस मामले की स्वतंत्र जाँच होगी? क्या जिम्मेदारी तय होगी? और क्या भविष्य में पार्किंग को गोदाम में बदलने की प्रवृत्ति पर कठोर रोक लगेगी?

आग बुझ चुकी है, पर सवाल धधक रहे हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close