LIVE UPDATE
Bilaspur

हाईवे पर चाकू की नोक पर लूट — फिर ट्रक हेल्पर की हत्या.. गिरोह गिरफ्तार

ट्रक हेल्पर की हत्या — अब नाम-पते के साथ पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

बिलासपुर…राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट और हत्या जैसी जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह पर आखिरकार बिलासपुर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में ए.सी.सी.यू. (सायबर सेल) और थाना कोनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो कोनी, हिर्री और चकरभाठा थाना क्षेत्र के हाईवे पर लगातार लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

टायर पंचर का बहाना, फिर हमला और मौत

मामला 17 अगस्त 2025 की सुबह का है। कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी राज सिंह अपने हेल्पर पारस केंवट के साथ ट्रक में सीमेंट लोड कर मनेन्द्रगढ़ की ओर जा रहा था। तड़के करीब 4.30 बजे गतौरी के पास ट्रक का टायर पंचर होने पर दोनों सड़क किनारे रुके। इसी दौरान मोटर सायकल से पहुंचे तीन युवक चाकू दिखाकर उन्हें डराने लगे और छह हजार रुपये नगद व मोबाइल फोन लूटने लगे।

हेल्पर पारस केंवट ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पारस को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। यह लूट एक हत्या में बदल चुकी थी।

 CCTV खंगाले, तब जाकर खुली पहचान

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद ए.सी.सी.यू. बिलासपुर और थाना कोनी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी इनपुट और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर संदिग्ध जय दिवाकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में टूटा आरोपी, पूरे गिरोह का खुलासा

सख्ती से पूछताछ करने पर जय दिवाकर ने अपने साथियों सूरज साहू और प्रदीप धुरी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि कोनी में हुई लूट और हत्या के अलावा उन्होंने थाना हिर्री और चकरभाठा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी ट्रक चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट की घटनाएं की हैं। पूछताछ में यह तथ्य भी सामने आया कि तीनों आरोपी पूर्व में लूटपाट के मामलों में जेल जा चुके हैं।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय दिवाकर (20 वर्ष) निवासी बजरंग नगर आवास पारा तिफरा थाना सिरगिट्टी, सूरज साहू  निवासी राम मंदिर के पास तिफरा थाना सिरगिट्टी और प्रदीप धुरी निवासी मन्नाडोल तिफरा थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

हथियार, बाइक और लूटा गया सामान बरामद

आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटर सायकल, रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन, तीन लोहे के धारदार चाकू, अन्य मोबाइल फोन और नगदी रकम बरामद की गई है। बरामद मोटर सायकल की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।

तीन थानों में दर्ज हैं संगीन अपराध

आरोपियों के खिलाफ थाना कोनी जिला बिलासपुर में अपराध धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा थाना हिर्री में धारा 309(4) बीएनएस तथा थाना चकरभाठा में  धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस टीम को नगद पुरस्कार

इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/ए.सी.सी.यू., नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी कोनी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा पूरी टीम की सराहना करते हुए नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close