फाइलों से निकलकर मैदान में प्रशासन: बिलासपुर में 73 ‘समाधान शिविर’ का रोडमैप तैयार
अब चक्कर नहीं, मौके पर निपटारा: बिलासपुर में 73 समाधान शिविर की शुरुआत 1 मई से

बिलासपुर..जिले में लंबित मामलों और रोजमर्रा की सरकारी दिक्कतों को मौके पर सुलझाने के लिए 1 मई से “सुशासन तिहार 2026” के तहत समाधान शिविरों की श्रृंखला शुरू हो रही है। अभियान का फोकस साफ है—लोग दफ्तरों के चक्कर कम लगाएं और सेवाएं उनके नजदीक पहुंचें। इस पूरे कार्यक्रम में शहरी और ग्रामीण दोनों हिस्सों को कवर करते हुए कुल 73 शिविर लगाए जाएंगे।
गांव से शुरुआत, शहर तक विस्तार
अभियान की शुरुआत ग्रामीण क्षेत्र से होगी। पहला शिविर 1 मई को ग्राम पंचायत हरदीकला में लगेगा। इसके बाद 2 मई को तखतपुर के रानीडेरा और 4 मई को मस्तूरी ब्लॉक के सोंठी में कैंप आयोजित होंगे। समानांतर रूप से शहर में भी शेड्यूल तय है—नगर निगम क्षेत्र में 1 मई को वार्ड 1 और 2 में, जबकि 4 मई को वार्ड 5, 6, 7 और 8 में शिविर लगेंगे। रतनपुर और तखतपुर नगर पालिका क्षेत्रों में भी अलग-अलग तारीखों पर कैंप तय किए गए हैं।
एक जगह, कई सेवाएं—यही मॉडल
शिविरों का ढांचा ऐसा रखा गया है कि अलग-अलग विभागों की सेवाएं एक ही स्थल पर मिलें। आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र से लेकर पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा और स्वास्थ्य सेवाओं तक—अधिकांश जरूरी काम मौके पर ही निपटाने का लक्ष्य है। महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाएं भी इन्हीं शिविरों में उपलब्ध रहेंगी।
फोकस ‘ऑन-द-स्पॉट’ समाधान पर
प्रशासन का लक्ष्य अधिकतम आवेदनों का उसी दिन निराकरण करना है। इसके लिए विभागीय टीमों को पूरी तैयारी के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिन मामलों का तुरंत निपटारा संभव नहीं होगा, उन्हें तय समयसीमा में पूरा करने की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
कागज से मैदान तक—इम्प्लीमेंटेशन की परीक्षा
ऐसे अभियान अक्सर घोषणा के स्तर पर प्रभावशाली दिखते हैं, लेकिन असली कसौटी क्रियान्वयन रहती है। भीड़ प्रबंधन, दस्तावेजों की त्वरित जांच और विभागों के बीच समन्वय—इन तीन बिंदुओं पर ही शिविरों की सफलता निर्भर करेगी।





